जमुई में 25.5 लीटर बीयर के साथ धनबाद की 4 महिलाएं गिरफ्तार
वाद सहयोगी, जमुई। शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने जमुई शहर के वीआईपी कॉलोनी के पास कार्रवाई करते हुए 51 बोतल बीयर के साथ चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। बरामद बीयर की कुल मात्रा 25.5 लीटर बताई गई है।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के निर्देश पर उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोमवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं ट्रेन के रास्ते झारखंड के धनबाद से शराब की खेप लेकर जमुई पहुंची हैं।
धनबाद की रहने वाली हैं चारों महिलाएं
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान धनबाद के पाण्डर पाला निवासी राणा साह की पत्नी खुशबू देवी, ओमप्रकाश कुमार की पत्नी रूपा कुमारी, शिवकुमार सिंह की पत्नी रियांकी देवी और मनोज लाहोर की पत्नी कल्पना देवी के रूप में हुई है।
टीम ने वीआईपी कॉलोनी के पास चिह्नित स्थान पर छापेमारी कर चारों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 51 बोतल यानी 25.5 लीटर बीयर बरामद हुई।
जमुई में शराब पहुंचाने आई थीं महिलाएं
उत्पाद विभाग के अनुसार, पूछताछ में महिलाओं के धनबाद से जमुई शराब पहुंचाने आने की बात सामने आई है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि जमुई में शराब की खेप किस तस्कर तक पहुंचाई जानी थी।
उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद विभाग ने मामले की जांच तेज कर दी है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर जमुई के स्थानीय शराब तस्करों और उनके नेटवर्क की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।