सीतामढ़ी में LJP(RV) विधायक के कार्यालय पर छापा: पिस्टल, 2 मैगजीन और 9 कारतूस बरामद; 2 संदिग्ध गिरफ्तार
सीतामढ़ी/बेलसंड। सीतामढ़ी जिले के बेलसंड से लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू के बेलसंड चौक स्थित कार्यालय में रविवार शाम पुलिस ने छापेमारी की। सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब दो घंटे तक कार्यालय की तलाशी ली।
कार्यालय से हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कार्यालय से एक पिस्टल, दो मैगजीन और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा कुछ अन्य सामग्री भी मिलने की बात कही गई है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
दो संदिग्ध अपराधी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कार्यालय में मौजूद छोटू यादव और नन्हे सिंह को गिरफ्तार किया। एसपी अमित रंजन के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार्यालय में हथियार किस उद्देश्य से रखा गया था और बरामद हथियारों का किसी आपराधिक घटना से संबंध है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी के भाई की चुनाव के दौरान हुई थी हत्या
गिरफ्तार आरोपी नन्हे सिंह के भाई रवि रंजन सिंह की विधानसभा चुनाव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, रवि रंजन सिंह का भी आपराधिक इतिहास रहा था।
सुबह विधायक के मुजफ्फरपुर आवास पर भी छापा
इससे पहले रविवार अहले सुबह मुजफ्फरपुर स्थित विधायक अमित कुमार रानू के आवास पर भी पुलिस ने छापेमारी की थी। यह कार्रवाई जमीन से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की गई थी। पुलिस ने वहां से जमीन से संबंधित कई दस्तावेज बरामद किए थे।
इसी जांच के क्रम में शाम को बेलसंड स्थित विधायक कार्यालय में भी तलाशी ली गई।
हथियार बरामदगी की जांच जारी
एसपी अमित रंजन ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और अन्य सामग्रियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।