शादी के दो महीने बाद पति-पत्नी की मौत, पत्नी का शव लेकर पहुंचा मायके तो पति ने भी उठाया खौफनाक कदम
किशनगंज: बहादुरगंज प्रखंड के दहगांव में शादी के महज दो महीने बाद पति-पत्नी की मौत से इलाके में मातम पसर गया। पत्नी की बीमारी से इलाज के दौरान मौत के बाद उसका पति शव लेकर मायके पहुंचा। यहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद पति ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद दोनों का जनाजा एक साथ उठाया गया।
सिलीगुड़ी में इलाज के दौरान पत्नी की मौत
दहगांव निवासी अंसार की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। वह लुधियाना में कारोबार करते थे। उनकी पत्नी अपेंडिक्स की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद अंसार पत्नी का शव लेकर बहादुरगंज थाना क्षेत्र के भोरादह गांव स्थित ससुराल पहुंचे।
पत्नी का शव पहुंचते ही पति ने किया सुसाइड
परिजनों के अनुसार, पत्नी का शव लेकर मायके पहुंचने के कुछ ही देर बाद अंसार कमरे में चले गए। वहां उन्होंने फंदे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक ही परिवार में कुछ ही समय के अंतराल पर हुई दो मौतों से सभी सदमे में हैं।
पुलिस ने की घटना की पुष्टि
बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार, पत्नी की बीमारी और मौत से अंसार काफी दुखी थे। इसी वजह से उनके द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आयी है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतक के परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था अंसार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंसार अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा थे। परिजनों ने बताया कि उन्हें 19 अगस्त को वापस लुधियाना लौटना था, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
शादी के महज दो महीने बाद पति-पत्नी की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ समय पहले शादी की खुशियां और शहनाई की गूंज थी, वहां अब मातम पसरा है। दोनों के जनाजे एक साथ उठने से दहगांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।