Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:डेढ़ लाख में नवजात का सौदा! जन्म के तुरंत बाद माता-पिता ने बच्चे को बेचने की कोशिश, 5 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 24, 2026

BIHAR:डेढ़ लाख में नवजात का सौदा! जन्म के तुरंत बाद माता-पिता ने बच्चे को बेचने की कोशिश, 5 गिरफ्तार

मोतिहारी में डेढ़ लाख में नवजात का सौदा! जन्म के तुरंत बाद माता-पिता ने बच्चे को बेचने की कोशिश, 5 गिरफ्तार

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में नवजात बच्चे की कथित खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है। सदर अस्पताल चौक पर सोमवार को जन्म के कुछ ही समय बाद माता-पिता द्वारा नवजात बेटे को डेढ़ लाख रुपये में बेचने की कोशिश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे के माता-पिता समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से नवजात बच्चे के साथ डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस मामले में आशा और बिचौलिये की भूमिका सामने आई है।

निजी अस्पताल में हुआ था बच्चे का जन्म

पुलिस के अनुसार, हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पकड़िया टोला निवासी प्रमोद साहनी और इंदू देवी के पहले से छह बच्चे हैं। सोमवार को इंदू देवी ने सदर अस्पताल चौक के गली नंबर-1 स्थित एक निजी अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बच्चे को बेचने की तैयारी पहले से की गई थी। बच्चे के जन्म के बाद उसे सदर अस्पताल चौक पर ले जाया गया, जहां उसे घोड़ासहन थाना क्षेत्र के लैन बसवरिया निवासी चिंता देवी को सौंपा जा रहा था।

डेढ़ लाख रुपये लेकर बच्चे को सौंपने की तैयारी

बताया जा रहा है कि बच्चे को खरीदने के लिए चिंता देवी मोतिहारी पहुंची थीं। कथित सौदे के तहत उनसे ₹1.50 लाख लिए गए और नवजात को उनके हवाले किया जा रहा था।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और नवजात को बरामद करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

माता-पिता, आशा, बिचौलिया और खरीदार गिरफ्तार

नगर थाना पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद साहनी, इंदू देवी, तान्या खातून उर्फ कुरेशा खातून, आशा शोभा सिंह और चिंता देवी के रूप में हुई है।

इनमें प्रमोद साहनी और इंदू देवी बच्चे के माता-पिता हैं। तान्या खातून पर बच्चे की कथित बिक्री में बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है, जबकि शोभा सिंह आशा कार्यकर्ता बताई गई हैं। चिंता देवी कथित तौर पर बच्चे को खरीदने के लिए पहुंची थीं।

गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में बच्चे के माता-पिता, आशा, बिचौलिये और खरीदार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर बच्चों की कथित खरीद-बिक्री के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है।

फिलहाल नवजात को पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।