कुत्ते के मुंह पर टेप चिपकाकर घर में घुसे चोर, 4 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार; गांव में मचा हड़कंप
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। चोरों ने चोरी से पहले घर में बंधे पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह भौंककर आसपास के लोगों को सतर्क न कर सके। इसके बाद चोरों ने घर के तीन कमरों के ताले तोड़कर करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरवार गांव की है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त रात में तेज बारिश हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए।
रात 12 बजे के बाद घर में घुसे चोर
पीड़ित आलोक सिंह, पिता शिव कुमार सिंह, ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ अलग कमरे में सो रहे थे। उनके बच्चे रक्षाबंधन के मौके पर बहन के घर गए हुए थे, जबकि माता-पिता और भतीजी रिश्तेदार के यहां गए थे।
रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोर घर में घुसे। बारिश और कूलर की आवाज के बीच चोरों ने सबसे पहले आंगन में बंधे पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका दिया। इसके बाद बिना किसी को भनक लगे चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
तीन कमरों के ताले तोड़े, अलमारी और ट्रंक खंगाले
चोरों ने घर के तीन कमरों के दरवाजों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद दो गोदरेज की अलमारी और दो लोहे के ट्रंक को तोड़कर सामान खंगाला। चोर करीब 3.5 से 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह नींद खुलने के बाद जब परिवार के लोगों ने कमरों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। घर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं ओरा पंचायत के भावी प्रत्याशी विक्रम कुमार सिंह उर्फ राजा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने थाना क्षेत्र के गांवों में रात्रि गश्ती बढ़ाने की भी मांग की। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में चोर सक्रिय हो जाते हैं और गांव के बीचों-बीच हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।