Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी: रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया था कट्टा-कारतूस का प्रदर्शन, 2 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 22, 2026

BIHAR:हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी: रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया था कट्टा-कारतूस का प्रदर्शन, 2 गिरफ्तार

बेगूसराय में हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी: रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया था कट्टा-कारतूस का प्रदर्शन, 2 गिरफ्तार

बेगूसराय। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रील और वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। बेगूसराय पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देसी कट्टा और पांच गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

बेगूसराय एसपी मनीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वीडियो और रील वायरल कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

वायरल रील के आधार पर दो गिरफ्तार

पहली कार्रवाई नयागांव थाना क्षेत्र में की गई। जिला आसूचना इकाई (DIU), चीता बल और नयागांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मथार गांव में छापेमारी की।

पुलिस ने मथार गांव के वार्ड नंबर-8 निवासी मुन्ना कुमार और श्रीलाल यादव के पुत्र कन्हैया कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने वायरल वीडियो में हथियार के साथ अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, पांच गोलियां और एक बाइक बरामद की है। हथियार और कारतूस को जब्त कर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बलिया में भी हथियार प्रदर्शन का मामला

दूसरी कार्रवाई बलिया थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को गश्ती के दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति सोशल मीडिया पर अवैध हथियार और गोलियों का प्रदर्शन करते हुए फोटो-वीडियो वायरल कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले का सत्यापन किया तो एक आरोपी की पहचान नौरंगा गांव निवासी सुदामा चौधरी के रूप में हुई। दूसरा आरोपी भी इसी गांव का रहने वाला बताया गया है।

थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के बयान पर बलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के साथ दूसरे आरोपी की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है।

सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वालों पर पुलिस की नजर

बेगूसराय पुलिस अब सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो और रील की निगरानी कर आरोपियों की पहचान कर रही है।

एसपी मनीष ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करना गैर-कानूनी है। ऐसे मामलों में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उसका सत्यापन कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

एसपी ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा न दें और किसी भी आपात स्थिति या पुलिस संबंधी सूचना के लिए डायल-112 अथवा बेगूसराय पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9031828303 पर संपर्क करें।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हथियारों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवाओं में हड़कंप मचा हुआ है।