विक्रमशिला पुल पर बड़ा फैसला: 29 अगस्त से नहीं होगा बंद, मरम्मत 15 दिन टली
भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पहले 29 अगस्त से पुल को करीब तीन महीने के लिए बंद करने की तैयारी थी, लेकिन अब राज्य सरकार ने इस फैसले को फिलहाल टाल दिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को श्रावणी मेला कार्यक्रम के दौरान कहा कि गंगा में बाढ़ और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम 15 दिन और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग के मंत्री और अधिकारियों को पुल बंद करने की तारीख आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।
29 अगस्त से बंद होना था पुल
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बने अस्थायी बेली ब्रिज को हटाकर वहां स्थायी स्लैब लगाने का काम किया जाना है। इसके लिए पहले 28 अगस्त की आधी रात से यानी 29 अगस्त से पुल पर पूरी तरह आवागमन बंद करने की योजना बनाई गई थी।
पुल बंद होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच सीधा सड़क संपर्क प्रभावित होता। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर गंगा में जहाज चलाने की योजना भी बनाई थी।
बाढ़ के कारण बढ़ी परेशानी
फिलहाल गंगा नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी में तेज बहाव है। ऐसे हालात में नाव या जहाज से लोगों को गंगा पार कराने की व्यवस्था जोखिम भरी हो सकती है। इसी वजह से पुल बंद करने की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
भागलपुर जिला प्रशासन ने भी पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर कम से कम 15 दिन तक पुल बंद करने की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था। प्रशासन का कहना था कि इससे बाढ़ की स्थिति सामान्य होने और वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को बेहतर तरीके से तैयार करने का अतिरिक्त समय मिलेगा।
त्योहारों को देखते हुए पुल खुला रखने की मांग
विक्रमशिला सेतु बंद करने के फैसले का असर भागलपुर के साथ-साथ नवगछिया और कोसी क्षेत्र के लोगों पर भी पड़ने की आशंका थी। त्योहारों के मौसम को देखते हुए कई संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुल को छठ पूजा तक खुला रखने की मांग की थी।
अब सरकार ने फिलहाल बंदी की तारीख 15 दिन आगे बढ़ा दी है। इस दौरान गंगा के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। सितंबर में हालात का आकलन करने के बाद विक्रमशिला सेतु की मरम्मत शुरू करने को लेकर आगे फैसला लिया जा सकता है।
फिलहाल भागलपुर और नवगछिया के लोगों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि 29 अगस्त से विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद नहीं होगा।