Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 5 की मौत; 1 गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 26, 2026

सुपौल में कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 5 की मौत; 1 गंभीर

सुपौल में कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 5 की मौत; 1 गंभीर

सुपौल। सुपौल जिले में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे भजन-कीर्तन कर रहे छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना कटैया चौक के पास एनएच-327ई के किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार की शाम बजरंगबली मंदिर के पास करीब 30 से 35 लोग भजन-कीर्तन के लिए जुटे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से एक कार बेहद तेज रफ्तार में आई। लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक रही होगी। कार अचानक अनियंत्रित हुई और कीर्तन कर रहे लोगों को कुचलते हुए करीब 50 मीटर तक आगे चली गई। इसके बाद कार एक गैराज में जा घुसी।

टक्कर के बाद 10 फीट दूर जा गिरे लोग

चश्मदीदों के अनुसार, कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अंधेरा होने के कारण लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू की।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में कार चालक ने अचानक स्टेयरिंग घुमाया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। हालांकि हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पांच लोगों की मौत, एक घायल

हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक अन्य घायल का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

सफेद लाइन के बाहर बैठे लोग बच गए

स्थानीय लोगों ने बताया कि बजरंगबली मंदिर के पास प्रत्येक मंगलवार की शाम भजन-कीर्तन का आयोजन होता है। सावन के झूलन के मौके पर मंगलवार को भी बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे।

हादसे के दौरान जो लोग सड़क की सफेद लाइन से दूसरी तरफ बैठे थे, वे कार की चपेट में आने से बच गए। जबकि सड़क पर सफेद लाइन के आसपास बैठे लोगों को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद चालक और परिवार को लोगों ने पकड़ा

दुर्घटना के बाद कार चालक, उसकी पत्नी और दो बच्चों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों ने उन्हें पास की एक दुकान में ले जाकर शटर बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है।

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। सड़क सुरक्षा और विजिबिलिटी बेहतर करने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से सड़क किनारे मौजूद पेड़ों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रशासन का मानना है कि सड़क किनारे दृश्यता बेहतर होने से भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिल सकती है।

विधायक रामविलास राम ने घटनास्थल का लिया जायजा

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक रामविलास राम भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। विधायक ने हादसे को बेहद हृदयविदारक बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चालक की भूमिका, वाहन की गति, सड़क की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।