Kosi Live-कोशी लाइव वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, महिला समेत 2 कर्मचारी घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 16, 2026

वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, महिला समेत 2 कर्मचारी घायल

वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, महिला समेत 2 कर्मचारी घायल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर रविवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में सुरक्षा एजेंसी की एक महिला कर्मचारी समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। गोली और छर्रे लगने से महिला के पैर में कई जगह गहरे जख्म हुए हैं, जबकि दूसरे कर्मचारी के हाथ में चोट लगी है।

घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

मुंबई जा रहा था पूर्व सैनिक

जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी पूर्व सैनिक कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे। उन्होंने नियमों के तहत अपनी लाइसेंसी पिस्टल को मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी।

रविवार सुबह करीब 9:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में हथियार की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पिस्टल से अचानक एक राउंड फायर हो गया।

गोली फर्श से टकराकर कर्मचारियों को लगी

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, जांच के दौरान पिस्टल लोडेड थी। हथियार को चेक करते समय चली गोली फर्श से टकराने के बाद पास में मौजूद 27 वर्षीय महिला कर्मचारी सुमन को लगी। सुमन मूल रूप से बिहार के गया की रहने वाली बताई गई हैं।

गोली और उसके छर्रे सुमन की दाहिनी जांघ और कमर के निचले हिस्से में लगे। वहीं, पास खड़े एक अन्य कर्मचारी के दाहिने हाथ/अंगूठे में भी गोली लग गई।

घटना के बाद सुमन घायल होकर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर सीआईएसएफ और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए सतोमहुआ न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अधिकारियों ने शुरू की जांच

गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी एयरपोर्ट पहुंचे। पुलिस और एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। जिस यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चली, उससे भी पूछताछ की जा रही है।

एयरपोर्ट निदेशक ने क्या कहा?

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX-1810 के एक यात्री ने अपने साथ ले जाने के लिए हथियार घोषित किया था। हथियार की जांच के दौरान यात्री से अचानक एक राउंड फायर हो गया, जिससे दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और पुलिस को सूचना दे दी गई।

डीसीपी ने बताई घटना की वजह

डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के मुताबिक, यात्री लाइसेंसी पिस्टल लेकर एयरपोर्ट पहुंचे थे। चेकिंग के दौरान पिस्टल की जांच और राउंड की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक फायर हो गया।

फायर से निकला राउंड चेकिंग कर रही महिला कर्मचारी के पैर और पास खड़े दूसरे कर्मचारी के अंगूठे में लगा। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।