Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में कार से 1510 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद, अंतरजिला गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 26, 2026

मधेपुरा में कार से 1510 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद, अंतरजिला गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार

मधेपुरा में 1510 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद, अंतरजिला गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार

मधेपुरा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,510 बोतल कोडिनयुक्त नशीली कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने मौके से अंतरजिला गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एनएच-107 पर मठाही रेलवे ढाला के पास की गई।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की वाहन जांच

सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सहरसा की ओर से एक चार पहिया वाहन में भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप मठाही की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मठाही रेलवे ढाला से पहले एमएस ईंट भट्ठा के पास एनएच-107 पर वाहन जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान सहरसा की ओर से एक मारुति सुजुकी कार आती दिखाई दी। चालक की नजर जैसे ही पुलिस टीम पर पड़ी, उसने कार को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

नालंदा और पटना के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर वार्ड-7 निवासी परमात्मा कुमार (26) और पटना जिले के एनटीपीसी बाढ़ थाना क्षेत्र के राइस वार्ड-12 निवासी कौशल चन्द्रा (30) के रूप में हुई है।

आठ बोरियों में छिपाकर रखी थी कफ सिरप

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें रखी आठ बोरियों से कुल 1,510 बोतल कोडिनयुक्त नशीली कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी कार को भी जब्त कर लिया है।

अंतरजिला नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे मधेपुरा में किसे सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार के साथ कन्हैया कुमार, डीआईयू टीम और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।