सुपौल में दर्दनाक हादसा: बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच दबकर चालक की मौत, पेशाब करने के दौरान हुआ हादसा
सुपौल। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर स्थित एनएच-27 किनारे एसआरएससी प्लांट में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच दबने से बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भागलपुर निवासी बिनोद कुमार नोगक्षिया के रूप में हुई है। वह वीना बस रोडवेज का चालक बताया गया है और प्लांट में चलने वाली बस का संचालन करता था।
खाना आने के बाद वापस नहीं लौटा चालक
प्लांट कर्मियों के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे बस को प्लांट परिसर में खड़ा किया गया था। इसी दौरान बस चालक के लिए खाना आया। खाना आने के बाद चालक बिनोद कुमार काफी देर तक वापस नहीं लौटा।
चालक के वापस नहीं आने पर सुरक्षा गार्ड उसे देखने के लिए गया। वहां का दृश्य देखकर गार्ड के होश उड़ गए। उसने शोर मचाकर प्लांट के अन्य कर्मियों को मौके पर बुलाया। कर्मियों ने देखा कि बिनोद कुमार बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच बुरी तरह दबे हुए थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
इसके बाद प्लांट कर्मियों ने घटना की जानकारी प्लांट मालिक और अधिकारियों को दी। प्लांट प्रबंधन की ओर से राघोपुर थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।
दोनों वाहनों के बीच फंसा था शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और प्लांट कर्मियों की मदद से बस और ट्रेलर के बीच फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाया।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पेशाब करने के दौरान ट्रेलर बैक करने की आशंका
गश्ती पुलिस पदाधिकारी दृष्टि पासवान के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बिनोद कुमार बस के आगे पेशाब कर रहे थे। इसी दौरान 10 चक्का ट्रेलर को पीछे किया जा रहा था।
ट्रेलर पीछे करने के दौरान चालक उसकी चपेट में आ गया और बस तथा ट्रेलर के बीच दब गया। गंभीर रूप से दबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। ट्रेलर किस परिस्थिति में और किसके द्वारा पीछे किया जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।
112 पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने सोमवार दोपहर बताया कि डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच चालक का शव फंसा हुआ मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्लांट प्रबंधन ने परिजनों और पुलिस को दी सूचना
एसआरएससी के मैकेनिकल इंचार्ज चंदन कुमार ने बताया कि बिनोद कुमार प्लांट में चलने वाली बस के चालक थे। रात में कर्मियों से घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस और मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।