हेडलाइन:
8 साल की सेवा के बाद SSB के खोजी श्वान 'क्यूटी' को सम्मानपूर्वक विदाई, सुपौल के शिवशंकर ने लिया गोद
वीरपुर (सुपौल):
एसएसबी की 45वीं वाहिनी, वीरपुर मुख्यालय में शुक्रवार को मादक पदार्थ खोजी श्वान 'क्यूटी' को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। आठ वर्षों तक उत्कृष्ट सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुई मादा जर्मन शेफर्ड नस्ल की क्यूटी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुपौल जिले के निर्मली निवासी शिवशंकर प्रसाद ने निःशुल्क गोद लिया।
इस अवसर पर 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने क्यूटी को माला पहनाकर सम्मानित किया और उसकी सराहना करते हुए कहा कि उसने विभिन्न अभियानों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कमांडेंट ने गोद लेने वाले शिवशंकर प्रसाद से क्यूटी की मृत्यु तक उचित देखभाल, इलाज और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि क्यूटी का उपयोग किसी भी अवैध, व्यावसायिक गतिविधि या प्रजनन कार्य में नहीं किया जाएगा।
क्यूटी का जन्म 27 अप्रैल 2018 को राजस्थान के अलवर में हुआ था। प्रशिक्षण के बाद उसने एसएसबी की विभिन्न बटालियनों में अपनी सेवाएं दीं। निर्धारित आठ वर्ष की सेवा अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को उसे 45वीं वाहिनी, वीरपुर से औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त किया गया।
विदाई समारोह में कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश शर्मा सहित वाहिनी के अधिकारी, जवान और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने क्यूटी की सेवाओं को याद करते हुए उसके स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की कामना की।