Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:मुरादाबाद सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत, सहरसा के पतरघट में पसरा मातम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 5, 2026

SAHARSA:मुरादाबाद सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत, सहरसा के पतरघट में पसरा मातम

हेडलाइन:

मुरादाबाद सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत, सहरसा के पतरघट में पसरा मातम

सहरसा/पतरघट:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के सहरसा जिले के पतरघट निवासी दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जदयू प्रखंड अध्यक्ष राज कुमार साह के इकलौते पुत्र 22 वर्षीय ओम कुमार उर्फ छोटू और उनके 24 वर्षीय भतीजे प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने बताया कि ओम कुमार मुरादाबाद स्थित टीएमयू में बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहे थे। वहीं, प्रिंस कुमार दरभंगा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। वह एक सप्ताह पहले दिल्ली में परीक्षा देने गए थे और शनिवार को अपने चचेरे भाई ओम से मिलने मुरादाबाद पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात दोनों किसी काम से एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

रविवार दोपहर जैसे ही हादसे की खबर पतरघट गांव पहुंची, दोनों परिवारों में मातम छा गया। माता-पिता, बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। सभी ने दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।