Kosi Live-कोशी लाइव Reel बनाने के लिए बिहार सरकार देगी 3 लाख इनाम:श्रावणी मेला पर बनाना होगा वीडियो, कांवड़ यात्रा से लेकर बाबाधाम मंदिर की दिखानी होगी झलक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, July 16, 2026

Reel बनाने के लिए बिहार सरकार देगी 3 लाख इनाम:श्रावणी मेला पर बनाना होगा वीडियो, कांवड़ यात्रा से लेकर बाबाधाम मंदिर की दिखानी होगी झलक

बिहार सरकार की ओर से हर साल श्रावणी मेला का आयोजन किया जाता है। इस साल भी पर्यटन विभाग तैयारियों में लगा हुआ है। श्रावणी मेला 2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए बिहार सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

पर्यटन विभाग ने 'एक इंफ्लुएंसर की नजर से' नाम से विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत श्रावणी मेले की आस्था, संस्कृति और पर्यटन को दर्शाने वाले श्रेष्ठ कंटेंट के लिए 3 लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें देशभर के कंटेंट क्रिएटर, ट्रैवल ब्लॉगर, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और रील मेकर भाग ले सकते हैं.

कांवड़ यात्रा से लेकर बाबाधाम मंदिर की दिखेगी झलक

पर्यटन विभाग की ओर से जारी विज्ञापन में प्रतिभागियों से कहा गया है कि वे कांवड़ यात्रा, बाबाधाम मंदिर, धार्मिक परंपराएं, सेवा शिविर, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और श्रद्धालुओं की आस्था को रचनात्मक तरीके से अपने कंटेंट में दिखाएं।

बिहार टूरिज्म की वेबसाइट पर जाकर रजिस्टर करके अपलोड करना होगा। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पर्यटन विभाग चाहता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए श्रावणी मेले की भव्यता अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।


बांका जिले को मिलेगा अधिक लाभ

इस पहल का सबसे अधिक लाभ बांका जिले के कंटेंट क्रिएटर्स और स्थानीय लोगों को मिलने की उम्मीद है। सुल्तानगंज से देवघर तक करीब 105 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा में लगभग 55 किलोमीटर का रास्ता बांका जिले से होकर गुजरता है। अमरपुर, शंभूगंज, कटोरिया, बेलहर और चांदन जैसे क्षेत्रों में हर साल लाखों कांवरिये पहुंचते हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, सेवा शिविर और "हर-हर महादेव" के जयकारे श्रद्धालुओं को खास अनुभव देते हैं।

क्या है पात्रता?

इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का भारतीय नागरिक होना, उसकी आयु 18 वर्ष से अधिक होना तथा Facebook, Instagram, X (Twitter) और YouTube पर कुल मिलाकर न्यूनतम 25,000 फॉलोअर्स होना आवश्यक है।

प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों को श्रावणी मेला (मुंगेर, बांका एवं भागलपुर स्थित कांवरिया पथ) से संबंधित वीडियो/रील तैयार कर प्रस्तुत करना होगा।

वीडियो की अवधि न्यूनतम 30 सेकंड तथा अधिकतम 2 मिनट निर्धारित की गई है, और प्रस्तुत की जाने वाली सामग्री पूर्णतः श्रावणी मेला से संबंधित होनी चाहिए; अन्यथा प्रविष्टि अयोग्य मानी जाएगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रक्रिया

सभी प्रविष्टियां Google Forms के माध्यम से भेजी जाएंगी, जिसका लिंक पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट tourism.bihar.gov.in पर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतिभागियों को नाम, पता, जन्मतिथि, संपर्क विवरण, वैध पहचान पत्र तथा प्रत्येक वीडियो के साथ हिंदी या अंग्रेजी में अधिकतम 50 शब्दों का संक्षिप्त विवरण भी देना होगा।

विभाग द्वारा यह भी निर्धारित किया गया है कि वीडियो एचडी गुणवत्ता का हो तथा उसका आकार 100 एमबी से 1 जीबी के बीच हो। वीडियो का जियोटैग्ड होना अनिवार्य होगा तथा चयनित प्रतिभागियों को विभाग की मांग पर रॉ फुटेज भी उपलब्ध कराना होगा।

वीडियो कब बनाएं और कब जमा करें?

प्रतिभागियों को प्रथम सोमवारी, अर्थात 03.08.2026 के बाद अपने सोशल मीडिया चैनलों पर वीडियो प्रसारित करना होगा। दूसरी सोमवारी 10.08.2026 के उपरांत दो दिनों के भीतर, अर्थात 13.08.2026 तक संबंधित वीडियो विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता में प्रस्तुत सामग्री के संबंध में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वीडियो में किसी प्रकार की आपत्तिजनक, विवादित अथवा थर्ड पार्टी अधिकारों का उल्लंघन करने वाली सामग्री नहीं होनी चाहिए। साथ ही, वीडियो में लोगो, वॉटरमार्क या अन्य पहचान चिह्न नहीं होना चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति में AI का उपयोग स्वीकार्य नहीं होगा; AI उपयोग पाए जाने पर प्रविष्टि अयोग्य घोषित कर दी जाएगी।

प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। चयनित वीडियो विभागीय सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए जाएंगे और पोस्ट के उपरांत 45 दिनों तक वीडियो के रीच, प्राप्त लाइक्स तथा शेयर की संख्या के आधार पर समीक्षा की जाएगी; X (Twitter) के मामले में रीट्वीट को शेयर माना जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी पर्यटन विभाग की आधिकारिक ई-मेल आईडी dir-tourism-bih@nic.in पर संपर्क कर सकते हैं ।