हेडलाइन:
मधेपुरा में हथियार लहराने का वीडियो पड़ा भारी, वायरल क्लिप के आधार पर युवक गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
मधेपुरा:/बिहारीगंज सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वायरल वीडियो के आधार पर मधेपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहारीगंज थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध हथियार भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वायरल वीडियो से हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जुलाई को बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार को सोशल मीडिया पर एक युवक का हथियार लहराते हुए वीडियो मिला था। जांच के दौरान युवक की पहचान मो. सोहराब (19 वर्ष), पिता मो. नसीम, निवासी सरौनी कला वार्ड संख्या-12, थाना बिहारीगंज, जिला मधेपुरा के रूप में हुई।
छापेमारी कर किया गिरफ्तार
युवक की गिरफ्तारी और वायरल वीडियो में दिख रहे हथियार की बरामदगी के लिए थानाध्यक्ष लवकुश कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक राजमोहन गांड़ एवं सशस्त्र बल की टीम का गठन किया गया। पुलिस जब सरौनी कला स्थित उसकी मोटरसाइकिल सर्विसिंग दुकान के पास पहुंची तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
दुकान से बरामद हुआ अवैध हथियार
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसकी दुकान से सिल्वर रंग का लोहे का बना एक अवैध हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में बिहारीगंज थाना कांड संख्या 243/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
आपराधिक इतिहास की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। वहीं जिले में अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।