Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया: स्मैक का नशा करने से रोका, तो बेटे ने पिता और भाई को चाकू से गोदकर किया अधमरा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, July 16, 2026

पूर्णिया: स्मैक का नशा करने से रोका, तो बेटे ने पिता और भाई को चाकू से गोदकर किया अधमरा

पूर्णिया। जिले के मरंगा थाना अंतर्गत हरदा बाजार में नशामुक्त करने और सही राह पर लाने की कोशिश एक पिता और भाई को बेहद भारी पड़ गई। घर के चिराग को नशे के दलदल से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे बुजुर्ग पिता और भाई पर एक स्मैकबाज युवक ने चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।

इस खूनी संघर्ष में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नाजुक हालत में इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान हरदा बाजार निवासी बद्री महलदार और उनके बेटे पवन महलदार के रूप में हुई है।

पीड़ित पिता के अनुसार, उनका दूसरा बेटा दिलदार कुमार स्मैक का घोर आदी हो चुका है। वह अपनी इस लत को पूरा करने के लिए आए दिन घर में रुपयों की मांग करता था और पैसे न मिलने पर परिवार के साथ गाली-गलौज और हुड़दंग मचाता था।

घटना के वक्त दिलदार घर में स्मैक का नशा करने की जिद पर अड़ा था। जब बुजुर्ग पिता और बड़े भाई पवन ने उसे रोकने की कोशिश की और समझाने का प्रयास किया, तो वह अचानक आगबबूला हो गया।

उसने घर में रखा धारदार चाकू और लाठी-डंडा उठाकर अपने ही पिता और भाई पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वह दोनों को तब तक पीटता और गोदता रहा जब तक कि दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर नहीं गए।

घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। खून से सने पिता-पुत्र को आनन-फानन में जीएमसीएच पूर्णिया के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद हरदा बाजार इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान दर्ज किया है और मामला दर्ज कर फरार आरोपी दिलदार कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।