Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में सनसनी: हाथ पर पति का नाम लिखे गोदने से हुई पहचान, पिता बोले— दुष्कर्म के बाद हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, July 2, 2026

मधेपुरा में सनसनी: हाथ पर पति का नाम लिखे गोदने से हुई पहचान, पिता बोले— दुष्कर्म के बाद हत्या

बोरी में 32 वर्षीय महिला का शव बरामद, गले पर रस्सी के गहरे निशान

मधेपुरा में सनसनी: हाथ पर पति का नाम लिखे गोदने से हुई पहचान, पिता बोले— दुष्कर्म के बाद हत्या

मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधामा कैंप पुलिस ने गुरुवार को नयानगर स्थित एक बांसबाड़ी की घनी झाड़ियों से बोरी में बंद 32 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार, महिला का शव उसके घर से लगभग 700 मीटर पूर्व स्थित बांसबाड़ी में छिपाकर रखा गया था। शव बोरी में बंद था। महिला की कलाई पर गोदना (टैटू) से उसके पति का नाम लिखा मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।

मुहर्रम के दिन हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों ने बताया कि मुहर्रम के दिन महिला से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस दिन वह झंझरी मुहर्रम मेले में खिलौने बेचने गई थी। महिला का विवाह वर्ष 2010 में हुआ था। परिवार में उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की उम्र लगभग 9 वर्ष और सबसे छोटी बेटी की उम्र 3 वर्ष बताई जा रही है।

मृतका का पति करीब एक सप्ताह पहले मजदूरी के लिए पंजाब गया था। सास-ससुर का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके कारण घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं रहता था। महिला गांव और आसपास लगने वाले मेलों में खिलौने बेचकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती थी।

घटनास्थल से रस्सी बरामद, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने घटनास्थल से एक मोटी रस्सी बरामद की है, जिस पर बाल लिपटे हुए मिले हैं। महिला के गले के बाएं, दाएं, सामने और पीछे की ओर गहरे काले निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका और मजबूत हुई है।

एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बेटी ने बताया— “बड़ी मम्मी ने कहा मां बाहर गई है”

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार रात महिला बच्चों के साथ खाना खाकर घर में सोई थी। मृतका की बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी “बड़ी मम्मी” ने कहा था कि उसकी मां कहीं बाहर गई है।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नयानगर की एक महिला की हत्या कर शव छिपा दिया गया है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस महिला के घर पहुंची, लेकिन परिजन और आसपास के लोग कुछ भी स्पष्ट बताने से बचते रहे।

इसके बाद पुलिस ने लगभग तीन घंटे तक घर के आसपास और बांसबाड़ी की झाड़ियों में तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार बोरी में बंद शव बरामद हुआ।

बिजली मिस्त्री के साथ विवाद की चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन दिन पहले रात में महिला अपने घर में गांव के एक बिजली मिस्त्री के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ी गई थी। इसके बाद सामाजिक पंचायत भी हुई थी, जिसमें युवक को छोड़ दिया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि महिला अपने बच्चों के साथ पति के पास पंजाब जाकर रहने की योजना बना रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सभी पहलुओं से जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता मौके पर पहुंचे और उन्होंने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई।

उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।