हेडलाइन:
समस्तीपुर में शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने पकड़ा, पंचायत ने करा दी शादी; पहली पत्नी के अधिकारों पर उठे सवाल
समस्तीपुर:
बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा प्रेमी अपनी पुरानी प्रेमिका से मिलने रात के अंधेरे में उसके ससुराल पहुंच गया। ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बुलाई गई पंचायत ने दोनों को अलग करने के बजाय उनकी शादी कराने का फैसला सुनाया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले की रहने वाली अनुराधा कुमारी की करीब 10 वर्ष पहले ताजपुर थाना क्षेत्र के चकपहाड़ निवासी पन्ना लाल यादव से मुलाकात हुई थी। उस समय पन्ना लाल एक स्कूल में शिक्षक थे और अनुराधा वहीं पढ़ाई करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। बाद में परिवार वालों ने पन्ना लाल की शादी दूसरी महिला से करा दी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
इधर, अनुराधा ने सिंघिया खुर्द स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लिया, जहां उसकी मुलाकात कॉलेज कर्मी मनोहर कुमार से हुई। दोनों के बीच प्रेम हुआ और करीब छह महीने पहले दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद अनुराधा अपने ससुराल में रहने लगी।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी अनुराधा और पन्ना लाल एक-दूसरे से मिलते रहे। इसकी जानकारी अनुराधा के पति और परिजनों को मिल गई। इसके बाद दोनों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। एक रात पन्ना लाल अनुराधा से मिलने उसके ससुराल पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया।
अगले दिन पंचायत बुलाई गई। लोगों को उम्मीद थी कि पंचायत दोनों को समझाकर अलग रहने की सलाह देगी, लेकिन पंचायत ने दोनों की शादी कराने का फैसला सुना दिया। बताया जाता है कि अनुराधा के पति ने भी इस फैसले पर सहमति जताई। पंचायत के सामने ही पन्ना लाल ने अनुराधा की मांग में सिंदूर भरा और मंगलसूत्र पहनाया। इस दौरान दोनों की सहमति का वीडियो भी बनाया गया।
हालांकि, इस पूरे मामले के बाद कई कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं। पन्ना लाल पहले से शादीशुदा हैं और उनकी पहली पत्नी से एक बेटा और एक बेटी भी हैं। ऐसे में पहली शादी कानूनी रूप से समाप्त हुए बिना दूसरी शादी की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पहली शादी का कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है, तो दूसरी शादी भारतीय कानून के तहत विवाद का विषय बन सकती है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की जांच के बाद ही मामले के सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।