बेगूसराय में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 लोगों को लगी गोली; भीड़ ने 2 बदमाशों को पकड़ा
बेगूसराय में बुधवार सुबह जमीन विवाद को लेकर जमकर गोलीबारी हुई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव के पास करीब 15 करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जे और बाउंड्री निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने बड़ी संख्या में हथियारबंद बदमाशों के साथ पहुंचकर करीब 100 राउंड फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में 4 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में सिन्धु कुमार (25), धीरज (26), धीरज के पिता धनवीर और सनोज (30) शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने दो कथित बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों घायलों को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल भेजा। घटनास्थल से 12 बाइक भी बरामद की गई हैं।
जमीन मालिक केबी यादव का आरोप है कि यह उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिस पर भूमाफिया जबरन कब्जा करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बदमाश जेसीबी लेकर आए और जमीन पर पिलर गाड़ने लगे। विरोध करने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
उन्होंने दावा किया कि करीब 200 लोग बाइक से पहुंचे थे और कई लोगों के हाथों में हथियार थे। जमीन विवाद में उनके परिवार के कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 को गोली लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय SP मनीष मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में बाउंड्री निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है, जिसमें गोलीबारी हुई है। पुलिस घायलों का बयान ले रही है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।