हेडलाइन:
भोजपुरी गाने पर पिस्टल लहराती महिला का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
सबहेड:
पश्चिम चंपारण के मझौलिया की बताई जा रही महिला, हथियार असली या नकली—हर पहलू की हो रही पड़ताल
खबर:
पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 1 मिनट 31 सेकेंड के इस वीडियो में एक महिला भोजपुरी गाने की धुन पर हाथ में पिस्टल लहराती और चांदी की पायल दिखाती नजर आ रही है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में इसकी खूब चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत "ये पिया बेचके ना आपन रायफलवा किन द ना चांदी के पायलवा..." बज रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो में दिख रही महिला मझौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और किस उद्देश्य से बनाया गया था। वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले का संज्ञान लेते हुए मझौलिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली है, लाइसेंसी है या फिर खिलौना अथवा डमी।
मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो की सत्यता और हथियार की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार के कानून उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।