Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पत्नी की हत्या में बीडीओ मनोज गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था; घसीटकर पीटने का वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 8, 2026

BIHAR:पत्नी की हत्या में बीडीओ मनोज गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था; घसीटकर पीटने का वीडियो वायरल

बिहार के दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) मनोज कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की हत्या के मामले में मनोज की गिरफ्तारी मंगलवार को दरभंगा से की गई।बताया जा रहा है कि वह नेपाल भागने की फिराक में थे। बीडीओ की पत्नी अमृता कुमारी की मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर दो दिन पहले संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई थी। मृतका के भाई ने अपने जीजा पर दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित करने और दूसरी महिला से अवैध संबंध में उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें अमृता को घसीटकर उसके साथ मारपीट करने की बात सामने आई थी।

आरोपी बीडीओ मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड स्थित पीयर के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के बीडीओ पद पर तैनात हैं। उनके मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली स्थित आवास पर 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी बीते शुक्रवार देर रात अचेत अवस्था में पाई गई थी। मायके वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

बीडीओ ने हत्या की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बीडीओ ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। अब उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बीडीओ ने पारिवारिक विवाद और अन्य कारणों के चलते यह कदम उठाया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस से कहा था घटना वाली रात पटना में था

जब पत्नी की मौत हुई, तब से आरोपी बीडीओ का मोबाइल फोन बंद था। उन्होंने पहले कहा कि वह घटना वाली रात मुजफ्फरपुर में मौजूद नहीं थे। बल्कि पटना में ट्रेनिंग के लिए गए थे।। हालांकि, जांच में यह बात सही नहीं पाई गई। पुलिस को शक है कि आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की।

महिला दारोगा से बीडीओ का अवैध संबंध?

मृतका के मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी बीडीओ का एक महिला दारोगा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है, जो बेगूसराय जिले के एक थाने में तैनात हैं। अवैध संबंध का आरोप लगाने पर मनोज कुमार ने अपनी पत्नी की जहर देकर हत्या कर दी।

3 साल पहले हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि मनोज और अमृता की शादी साल 2023 में हुई थी। बीते एक साल से पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। मायके वालों का आरोप है कि आरोपी मनोज दहेज के लिए अमृता को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। इसी साल जनवरी में अमृता को उसके ससुराल में बुरी तरह पीटा गया था, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था।

घसीटकर पीटने का वीडियो वायरल

हाल ही में सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कुछ लोग कथित तौर पर अमृता कुमारी को घसीटते हुए गाड़ी में बैठाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो पिछले साल मार्च का बताया जा रहा है, जिसकी पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है।

मिठनपुरा थाने में बीडीओ और परिवार पर हत्या का केस

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाने में बीडीओ मनोज कुमार, उनके माता, पिता, भाई और बहन पर अमृता की दहेज के लिए हत्या के केस दर्ज किया गया है। मृतका के सीतामढ़ी जिला के परिहार बथुहारा निवासी भाई की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की गई। मायके वालों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले ही आरोपी बीडीओ ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग की थी।

एफआईआर में बताया गया कि अमृता पर उसके ससुराल वालों की ओर से बीते कई महीनों से दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उसे प्रताड़ित किया गया। कई बार मारपीट की गई। अमृता को जब पता लगा कि पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है, तो उसने विरोध किया। फिर पति एवं ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित कर शुक्रवार देर रात जहरीला पदार्थ खिलाकर उसे मार दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी बीडीओ से पूछताछ की जा रही है।