सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर पुलिस ने पटना से दबोचा, बंदूक और मोबाइल बरामद
मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को मुजफ्फरपुर पुलिस ने पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई है, जो **** थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वायरल वीडियो में दिखाई गई दोनाली बंदूक और वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
1 जुलाई को वायरल हुआ था वीडियो
पुलिस के अनुसार, मामला 1 जुलाई का है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में युवक अवैध हथियार लहराते हुए धमकी भरे अंदाज में बातें कर रहा था।
आरोप है कि वीडियो में वह “सोना बेचकर लोहा खरीदने” जैसी बातें कह रहा था और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर लोगों में भय और दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
समाज में भय फैलाने की कोशिश
वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि वीडियो सकरा थाना क्षेत्र का है। इसके बाद पुलिस ने इसे समाज में भय और आतंक का माहौल बनाने का प्रयास मानते हुए सकरा थाना में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने पटना से दबोचा
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-2) के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार छापेमारी की।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह को **** से गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रील या वीडियो बनाने के दौरान कानून का उल्लंघन न करें। अवैध हथियारों का प्रदर्शन, धमकी या दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।