हेडलाइन:
छपरा में 7वीं की छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग का आरोप, निजी स्कूल का शिक्षक हिरासत में
सबहेडिंग:
मोबाइल जब्त कर डिजिटल जांच शुरू, आपत्तिजनक चैट और तस्वीरें मिलने का दावा; अन्य छात्राओं से संपर्क की भी जांच
छपरा: बिहार के छपरा जिले में एक निजी विद्यालय के शिक्षक पर सातवीं कक्षा की छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर भगवान बाजार थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल के शिक्षक मोहम्मद इमाम रजा पर आरोप है कि वह सातवीं कक्षा की छात्रा को मोबाइल पर कथित रूप से अश्लील संदेश भेजता था और आपत्तिजनक चैट करता था। मामला सामने आने पर छात्रा के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर उसकी फॉरेंसिक और डिजिटल जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से कई कथित आपत्तिजनक चैट, अश्लील संदेश और तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का संपर्क अन्य छात्राओं से भी था या नहीं। यदि जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पीड़िता के परिजनों के आवेदन, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना सामने आने के बाद संबंधित विद्यालय, इंपीरियल पब्लिक स्कूल, ने तत्काल प्रभाव से आरोपित शिक्षक को निलंबित कर दिया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इनाम रजा वर्ष 2022 से विद्यालय में गणित विषय के शिक्षक के रूप में कार्यरत था। प्रबंधन ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही उसके विरुद्ध तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए निलंबन का निर्णय लिया गया। हालांकि विद्यालय प्रबंधन की कार्यशाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।