हेडलाइन:
औरंगाबाद में खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, नवजात समेत 5 घायल
सबहेड:
दिल्ली से इलाज कर लौट रहा था परिवार, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवजात शिशु समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा मदनपुर थाना क्षेत्र के एनएच-19 स्थित नगमतिया मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग दिल्ली से नवजात का इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से भिड़ गई।
हादसे में घायल लोगों की पहचान रिशु राज, तेशमणी देवी, विनय शर्मा, रोहित कुमार सिंह तथा एक नवजात शिशु के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मदनपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि जन्म के बाद नवजात की तबीयत खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया था। उपचार के बाद परिवार वापस घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
मदनपुर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।