Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शादी से इनकार पर 19 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, प्रपोज के 10 घंटे बाद आरोपी ने बरसाईं 4 गोलियां - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, July 21, 2026

BIHAR:शादी से इनकार पर 19 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, प्रपोज के 10 घंटे बाद आरोपी ने बरसाईं 4 गोलियां

हेडलाइन:

शादी से इनकार पर 19 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, प्रपोज के 10 घंटे बाद आरोपी ने बरसाईं 4 गोलियां

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में एकतरफा प्यार और शादी से इनकार करने पर 19 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पूसा थाना क्षेत्र के कैजिया विष्णुपुर वार्ड-13 की है, जहां सोमवार सुबह स्कूल जा रही छात्रा सुमन कुमारी पर गांव के ही युवक बबलू गुप्ता ने ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

10 घंटे पहले दी थी जान से मारने की धमकी

मृतका की छोटी बहन सलोनी कुमारी ने बताया कि आरोपी बबलू पिछले चार-पांच महीनों से उसकी बहन को लगातार फोन कर शादी का दबाव बना रहा था। वह दिन में कई बार कॉल करता था और शादी नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देता था। रविवार रात करीब 10 बजे भी उसने फोन कर कहा था कि यदि सुमन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसे गोली मार देगा। धमकी के करीब 10 घंटे बाद उसने वारदात को अंजाम दे दिया।

पिता से लिया था घर का मोबाइल नंबर

परिजनों के अनुसार आरोपी गांव का रहने वाला था और अक्सर छात्रा के पिता की सैलून पर आता-जाता था। इसी दौरान उसने बहाने से घर का मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में उसी नंबर पर लगातार कॉल कर सुमन को परेशान करने लगा। शुरुआत में छात्रा ने यह बात परिवार से छिपाई, लेकिन जब परेशानियां बढ़ीं तो उसने पूरी जानकारी माता-पिता को दी।

मां बोलीं- सुबह पंचायत में शिकायत करने वाले थे

मृतका की मां संगीता देवी ने बताया कि रविवार रात आरोपी ने उन्हें भी फोन कर धमकी दी थी। परिवार ने तय किया था कि सोमवार सुबह पहले गांव के लोगों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करेंगे, जरूरत पड़ने पर पुलिस के पास जाएंगे। लेकिन उससे पहले ही आरोपी ने उनकी बेटी की हत्या कर दी।

स्कूल जाते समय बीच सड़क पर मारी चार गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुमन ई-रिक्शा पकड़ने के लिए सड़क पर जा रही थी। तभी आरोपी बाइक से पहुंचा, छात्रा का रास्ता रोका, बाल पकड़कर 9 एमएम पिस्टल से लगातार चार गोलियां दाग दीं। गोली लगने के बाद छात्रा करीब 20 मिनट तक सड़क पर तड़पती रही। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं।

एक महीने पहले भी शादी समारोह में कर रहा था पीछा

परिजनों ने बताया कि एक महीने पहले सुमन की बड़ी बहन की शादी हुई थी। उस दौरान भी आरोपी शादी में पहुंच गया था और सुमन के आगे-पीछे घूमता रहा। परिवार का आरोप है कि वह लगातार छात्रा का पीछा करता था और अलग-अलग नंबरों से फोन कर परेशान करता था।

सोशल मीडिया पोस्ट भी बने जांच का हिस्सा

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। उसने कुछ दिन पहले एक पोस्ट में लिखा था, "तुम हमारी जिंदगी से खेलोगे तो हम तुम्हारी जान से खेलेंगे।" वहीं एक अन्य पोस्ट में हथियार के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि "सब कुछ खत्म हो जाए तो हथियार उठा लो।" पुलिस इन पोस्टों की भी जांच कर रही है।

आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद आरोपी बबलू गुप्ता फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस उसके घर पहुंची, जहां ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।