हेडलाइन:
सुपौल में रिया पॉली क्लिनिक सील, छापेमारी में डॉक्टर नदारद; 8 ऑपरेशन वाले मरीज सदर अस्पताल शिफ्ट
सबहेड:
एसडीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, संचालक व स्टाफ फरार; एफआईआर दर्ज कर होगी कानूनी कार्रवाई
सुपौल: जिले में अवैध अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को सदर एसडीएम मनोहर साह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 स्थित रिया पॉली क्लिनिक पर छापेमारी की। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
छापेमारी के दौरान अस्पताल में कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही क्लिनिक संचालक रमेश कुमार दास सहित पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया। जांच टीम को ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने बताया कि क्लिनिक में भर्ती आठ मरीजों का ऑपरेशन किया गया था। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए सभी को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सिविल सर्जन ने कहा कि बिना वैध मान्यता और योग्य चिकित्सकों के अस्पताल का संचालन कानून का गंभीर उल्लंघन है। क्लिनिक संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
सदर एसडीएम मनोहर साह ने कहा कि जिले में अवैध अस्पतालों और क्लिनिकों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद जिले में अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इलाज कराने से पहले अस्पताल की वैधता और चिकित्सकों की योग्यता की जानकारी अवश्य लें, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।