Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में प्रसव के बाद महिला की मौत, 4 घंटे तक रोड जाम,निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 3, 2026

मधेपुरा में प्रसव के बाद महिला की मौत, 4 घंटे तक रोड जाम,निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप

 

मधेपुरा में प्रसव के बाद महिला की मौत, 4 घंटे तक रोड जाम
निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग

मधेपुरा। मधेपुरा शहर के पश्चिमी बायपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट के सामने शव रखकर करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजन अस्पताल को सील करने, संबंधित डॉक्टर की गिरफ्तारी और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। गुरुवार रात करीब 8 बजे शुरू हुआ सड़क जाम देर रात 12 बजे तक जारी रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने पर जाम समाप्त हुआ।

मृतका की पहचान निवासी रविंद्र कुमार की पत्नी पूजा कुमारी (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार 1 जुलाई को पूजा कुमारी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

भर्ती के समय सब सामान्य बताया गया

परिजनों का कहना है कि भर्ती के समय डॉक्टरों ने मां और बच्चे दोनों को स्वस्थ बताया था और सामान्य प्रसव होने का भरोसा दिया था। लेकिन अगले दिन सुबह प्रसव पीड़ा बढ़ने पर अचानक ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई। इसके बाद परिजनों ने ऑपरेशन के लिए सहमति दे दी।

डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत

परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मां और नवजात दोनों सामान्य थे। कुछ समय बाद अस्पताल कर्मियों ने सभी परिजनों को बाहर कर दिया। इसी दौरान पूजा कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

अस्पताल में उन्हें ऑक्सीजन, दवाएं और अन्य उपचार दिए गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में गंभीर स्थिति में उन्हें रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वहीं नवजात शिशु की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है।

पति ने लगाया लापरवाही का आरोप

मृतका के पति रविंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिसके कारण उनकी पत्नी की जान चली गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषी चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों पर कानूनी कार्रवाई तथा अस्पताल के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पूजा कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और यह उनकी पहली डिलीवरी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।