हेडलाइन:
किशनगंज में 47 लाख की हेरोइन जब्त, महिला समेत 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक महिला समेत तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि हेरोइन की एक बड़ी खेप सिलीगुड़ी के रास्ते किशनगंज होकर पटना भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ टीम ने फरिंगगोला चेकपोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान किशनगंज की ओर आ रही एक बस को रोककर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीनों संदिग्धों के पास से अलग-अलग पैकेटों में कुल 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी माया देवी (32), वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सोनू कुमार (27) तथा जोरावनपुर निवासी गौतम कुमार (20) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हेरोइन की खेप असम के गुवाहाटी से लेकर पटना पहुंचाने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से एक संगठित गिरोह के सदस्य के रूप में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। इस गिरोह का नेटवर्क असम, पश्चिम बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों में फैला हुआ है।
पुलिस अब बरामद हेरोइन के स्रोत और इसके अंतिम गंतव्य की जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान, उनकी गिरफ्तारी और अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 725/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।