हेडलाइन:
सहरसा में 333 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बलेनो कार और चार मोबाइल जब्त
सबहेड:
पस्तपार थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज; खगड़िया के दो आरोपी गिरफ्तार
सहरसा: जिले में सूखा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पस्तपार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 333 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बलेनो कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 29 जुलाई 2026 की रात पस्तपार थाना पुलिस को स्मैक तस्करी की गुप्त सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 333 ग्राम स्मैक, एक सफेद रंग की बलेनो कार तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए। प्रखंड विकास पदाधिकारी की उपस्थिति में तलाशी, जब्ती और बरामद मादक पदार्थ का वजन कर सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
इस मामले में पस्तपार थाना कांड संख्या 89/2026 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीत कुमार सिंह, पिता राधावल्लभ सिंह, निवासी ठुठीमोहनपुर, थाना चौथम, जिला खगड़िया तथा अंगद कुमार, पिता कुलदीप यादव, निवासी नोन्हा, थाना मानसी, जिला खगड़िया के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में पस्तपार थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक विजय पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक परशुराम सिंह, राहुल कुमार तथा पस्तपार थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।