हेडलाइन:
मधेपुरा में सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा भारी, 24 घंटे में 3 युवक गिरफ्तार; कट्टा, पिस्टलनुमा हथियार और 14 कारतूस बरामद
मधेपुरा:
सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराकर दबंगई दिखाने वाले युवकों के खिलाफ मधेपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक पिस्टलनुमा हथियार और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई पुरैनी थाना क्षेत्र में की गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हथियार लहराते दिख रहे युवक की पहचान ज्योतिष कुमार के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने बताया कि वीडियो में दिख रहा हथियार उसके चाचा धीरेन्द्र राम का है। इसके बाद पुलिस ने धीरेन्द्र राम के घर पर छापेमारी कर एक देशी कट्टा और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ज्योतिष कुमार के खिलाफ पहले से भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरी कार्रवाई बिहारीगंज थाना क्षेत्र सरौनी में हुई। यहां वायरल वीडियो में हथियार लहराते दिखे 19 वर्षीय मो. सोहराब को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल सर्विसिंग की दुकान से सिल्वर रंग का पिस्टलनुमा अवैध हथियार बरामद किया। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मधेपुरा पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने या दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इस तरह के वीडियो या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।