Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रही महिला और बारिश में नहा रहे 10 वर्षीय बच्चे की मौत, युवक गंभीर घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 11, 2026

सहरसा में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रही महिला और बारिश में नहा रहे 10 वर्षीय बच्चे की मौत, युवक गंभीर घायल

हेडलाइन:

सहरसा में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रही महिला और बारिश में नहा रहे 10 वर्षीय बच्चे की मौत, युवक गंभीर घायल

सहरसा: सहरसा जिले के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार हो रही बारिश के बीच हुई इन घटनाओं से दोनों गांवों में मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहली घटना खजुराहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 की है। जानकारी के अनुसार, प्रेम सादा की पत्नी कारी देवी खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से कारी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

इसी पंचायत के वार्ड संख्या-4 में एक अन्य घटना में किशोर ठाकुर के पुत्र अखिलेश कुमार भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं दूसरी घटना सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र के देहद गांव के वार्ड संख्या-1 में हुई। यहां वीरवल सादा का 10 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार बारिश के दौरान घर के बाहर पानी में नहा रहा था। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही सोनवर्षाराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं के बीच प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। इधर, एक ही दिन में दो लोगों की मौत और एक युवक के घायल होने की घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।