सुपौल के राघोपुर में न्याय की मांग को लेकर बेटे संग मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, 4 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा
सुपौल: जिले के राघोपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला अपने पति पर दूसरी शादी करने और खुद को छोड़ देने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग कर रही थी। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पति पर दूसरी शादी और परित्याग का आरोप
घटना नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-4 की बताई जा रही है। टावर पर चढ़ी महिला की पहचान गुड्डी देवी के रूप में हुई है, जो मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। महिला ने आरोप लगाया कि करीब 10 साल पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक 12 वर्षीय बेटा भी है। महिला का कहना है कि कुछ वर्षों बाद उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे तथा उसके बेटे को छोड़ दिया।
न्याय नहीं मिलने पर उठाया बड़ा कदम
गुड्डी देवी का कहना है कि वह कई बार थाना और पुलिस अधिकारियों के पास न्याय की गुहार लेकर गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनसुनी किए जाने से परेशान होकर उसने विरोध के तौर पर अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला लिया।
डीएम और एसपी को बुलाने की जिद
टावर पर चढ़ी महिला प्रशासन के सामने एक ही मांग पर अड़ी रही। उसने साफ कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर आकर न्याय का भरोसा नहीं देंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। महिला की इस जिद ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दीं।
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़
महिला और बच्चे को टावर पर चढ़ा देख आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन समाधान में जुटा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लगातार महिला से बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश की। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन महिला और उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतारने तथा मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटा रहा।
यह घटना पूरे सुपौल जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।