Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:फूआ के घर से लौट रहे BCA छात्र की हत्या, साक्ष्य छुपाने के लिए पेड़ से लटकाया शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 23, 2026

PURNEA:फूआ के घर से लौट रहे BCA छात्र की हत्या, साक्ष्य छुपाने के लिए पेड़ से लटकाया शव

पूर्णिया में बीसीए छात्र की हत्या से सनसनी, पेड़ से लटका मिला शव

बिहार के सीमांचल क्षेत्र अंतर्गत पूर्णिया जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। केनगर थाना क्षेत्र के बनियापट्टी निवासी और विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VVIT) के बीसीए छात्र आशीष कुमार उर्फ भोलू कुमार (22) की निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव मीरगंज थाना क्षेत्र के एक बांसबाड़ी में पेड़ से लटकता हुआ बरामद हुआ। शव पर चोट के कई गहरे निशान मिलने से हत्या के बाद शव लटकाए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

भागलपुर से कटिहार होते हुए घर लौट रहा था छात्र

परिजनों के अनुसार आशीष 9 जून को अपने ननिहाल भागलपुर जिले के नवगछिया अंतर्गत जगतपुर गांव गया था। 20 जून को वह वहां से निकलकर कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र स्थित रहटा गांव में अपनी फूआ के घर पहुंचा। अगले दिन यानी 21 जून की सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर बनियापट्टी लौटने के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही अपराधियों का शिकार बन गया।

बांसबाड़ी में पेड़ से लटका मिला शव

मीरगंज थाना क्षेत्र के बहेलिया स्थान के उत्तर और बरहकोना विद्यालय के पूरब स्थित हटियावार बांसबाड़ी में ग्रामीणों ने सबसे पहले युवक का शव पेड़ से लटकता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के पिता प्रवीण कुमार यादव ने शव की पहचान अपने बेटे आशीष के रूप में की।

परिजनों का आरोप है कि आशीष की पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया।

घटनास्थल से बैग और पहचान पत्र बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने एक ट्रैवल बैग बरामद किया, जिसमें कपड़े और निजी सामान थे। साथ ही दो पहचान पत्र भी मिले, जिनकी मदद से मृतक की पहचान और परिजनों से संपर्क संभव हो सका।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग और लूटपाट सहित सभी संभावित पहलुओं पर वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।

इधर, इकलौते जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने जिला पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है।