बेगूसराय में CM सम्राट चौधरी के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट, साइबर थाने में FIR दर्ज
बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी मां के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित एवं अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बेगूसराय साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए जांच में जुट गई है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया आपत्तिजनक वीडियो
बेगूसराय साइबर थाने में तैनात महिला पुलिस उप-निरीक्षक प्रिया कुमारी नियमित साइबर स्पेस पेट्रोलिंग पर थीं। इसी दौरान उनकी नजर इंस्टाग्राम पर एक संदिग्ध प्रोफाइल पर पड़ी, जिसका यूजर नेम Sajan Sang Sonam बताया जा रहा है।
इस इंस्टाग्राम आईडी से दो अलग-अलग रील्स पोस्ट किए गए थे, जिनमें एक युवक ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र, अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो में खुलेआम गाली-गलौज की गई।
मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का आरोप
एसआई प्रिया कुमारी ने अपनी शिकायत में कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ये वीडियो पूरी तरह सार्वजनिक हैं और इससे मुख्यमंत्री व उनके परिवार की छवि धूमिल हो रही है। साथ ही इस तरह की सामग्री आम सोशल मीडिया यूजर्स पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रही है।
लोक शांति भंग होने की आशंका
पुलिस के अनुसार भड़काऊ और अश्लील वीडियो से क्षेत्र में लोक शांति भंग होने की आशंका है। मामले में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 79, 351(3), 352, 356 और IT Act की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया गया है।
डिजिटल साक्ष्य के आधार पर जांच तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने के एडिशनल SHO शैलेन्द्र कुमार विद्याकर को जांच अधिकारी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी के इंस्टाग्राम प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट, URL और विवादित वीडियो को पेन ड्राइव में सुरक्षित डिजिटल साक्ष्य के रूप में रखा है।
मोबाइल नंबर और IP एड्रेस ट्रैक कर रही साइबर सेल
साइबर डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि साइबर सेल की टीम अब उस IP Address और मोबाइल नंबर को ट्रैक कर रही है, जिससे यह इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अभद्रता फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।