भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह को बीजेपी का बड़ा दांव, बिहार विधान परिषद चुनाव में बनाया उम्मीदवार
भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। लंबे समय से अलग-अलग चुनावों में पवन सिंह को भाजपा से टिकट मिलने की चर्चा चल रही थी, जिसे अब पार्टी ने साकार कर दिया है।
गौरतलब है कि पवन सिंह ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिल सकी थी। इसके बावजूद उनकी लोकप्रियता और राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें विधान परिषद चुनाव में मौका दिया है।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद पवन सिंह ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे दिल से धन्यवाद देते हैं। वहीं भाजपा नेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर 18 जून को मतदान होना है। मौजूदा विधानसभा संख्या बल के आधार पर एनडीए की 8 से 9 सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। भाजपा ने पवन सिंह के अलावा संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया है। वहीं जेडीयू ने निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी और ललन प्रसाद को मैदान में उतारा है।
जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने उम्मीदवारों की सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए ने सामाजिक संतुलन और सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है।