Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:थार की टक्कर से ग्रामीण बैंक मैनेजर की मौत, किसान ऋण शिविर जाते समय हुआ हादसा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 25, 2026

BIHAR:थार की टक्कर से ग्रामीण बैंक मैनेजर की मौत, किसान ऋण शिविर जाते समय हुआ हादसा

 

थार की टक्कर से ग्रामीण बैंक मैनेजर की मौत, किसान ऋण शिविर जाते समय हुआ हादसा

चौसा (बक्सर)। बक्सर जिले के चौसा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक अमित कुमार की मौत हो गई। मृतक की पहचान पटना निवासी 36 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है, जो बैंक की सिकरौल शाखा में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

किसान ऋण समझौता शिविर जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अमित कुमार डिहरी में आयोजित किसान ऋण समझौता शिविर में भाग लेने के लिए स्कूटी से जा रहे थे। रास्ते में उनकी योजना सोनपा गांव से एक सीएसपी संचालक को साथ लेकर आगे बढ़ने की थी।

इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घायल मैनेजर को अस्पताल ले गया चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद थार चालक ही घायल अमित कुमार को लेकर चौसा पहुंचा और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास किया। वहां भर्ती नहीं होने पर वह उन्हें उत्तर प्रदेश के भदौरा ले गया।

इसके बाद चालक घायल बैंक मैनेजर को कैमूर जिले के रामगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में छोड़कर फरार हो गया।

डेढ़ घंटे बाद डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पूरी प्रक्रिया में करीब डेढ़ घंटे का समय बीत गया। जब रामगढ़ पीएचसी के चिकित्सकों ने जांच की, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने थार जब्त की, चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थार वाहन का पता लगाकर उसे रामगढ़ थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक से बरामद कर लिया। हालांकि, वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

बाद में राजपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बक्सर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

राजपुर थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार चालक की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद बैंक कर्मियों और परिजनों में शोक का माहौल है।