हेडलाइन:
मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार युवक की मौत; चालक गाड़ी छोड़ फरार
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हाजीपुर जा रहे बाइक सवार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के घटारो गांव निवासी सुनील कुमार (25) के रूप में हुई है। उसकी पहचान आईडी कार्ड के आधार पर की गई। यह हादसा कुढ़नी थाना क्षेत्र के बलिया ओवरब्रिज के पास हुआ।
कार छोड़कर चालक फरार
हादसे के तुरंत बाद थार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है। क्षतिग्रस्त बाइक को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। कुढ़नी पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।