हेडलाइन:
किशनगंज में 1.40 करोड़ की हेरोइन बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और नकदी जब्त
सबहेड:
बंगाल से लाई जा रही थी बड़ी खेप, पुलिस बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुटी
पूरी खबर:
किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 698.5 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन, तीन मोबाइल फोन और 22,400 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल से हेरोइन की एक बड़ी खेप किशनगंज में सप्लाई की जानी है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने सोमवार अहले सुबह किशनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर चेक पोस्ट के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो तेज गति से आती दिखाई दी।
पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 698.5 ग्राम हेरोइन, 22,400 रुपए नकद, एक स्कॉर्पियो और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम लाल हरिजन (25), हुसैन आरजू (31) और मो. आलम उर्फ भोला सिंह (45) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान करने तथा बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है।
साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 634/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 112 तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
