पटना। बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है।विभागीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए आठ अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के खिलाफ दंडात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की स्वीकृति दे दी है।इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
मंत्री ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की 'जीरो टालरेंस' नीति पर कोई समझौता नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
किसी की पेंशन कटी, किसी पर विभागीय कार्रवाई
विभागीय समीक्षा के दौरान जहानाबाद के रतनीफरीदपुर के तत्कालीन अंचल निरीक्षक संतु कुमार राम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी पेंशन में शत-प्रतिशत स्थायी कटौती का दंड दिया गया है।
वहीं रोहतास के करगहर के तत्कालीन प्रभारी अंचल अधिकारी सुरजेश्वर श्रीवास्तव पर बिना सूचना लंबे समय तक अनुपस्थित रहने के मामले में आरोप पत्र गठित किया गया है।
दाखिल-खारिज में गड़बड़ी पर कार्रवाई
मधेपुरा के मुरलीगंज के तत्कालीन अंचल अधिकारी जयप्रकाश स्वर्णकार पर स्थानांतरण के बाद भी बड़ी संख्या में दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन करने का आरोप है। इस मामले में उनसे द्वितीय कारणपृच्छा का जवाब मांगा गया है।