अररिया: अररिया-पूर्णिया मार्ग पर कुसियार गांव पार्क के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने सड़क पर अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश की। इस दौरान स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पहले रेलिंग से टकराई और फिर सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से भिड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
मां-बेटे समेत चार लोगों की गई जान
हादसे में पूर्णिया जिले के बिशनपुर गांव निवासी 60 वर्षीय मयानंद झा, 60 वर्षीय शांति देवी और उनके 49 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार ठाकुर की मौत हो गई। वहीं साइकिल सवार 25 वर्षीय मोहम्मद कोनेन, जो अररिया जिले के गैयारी गांव का निवासी था, ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शांति देवी और गौतम कुमार ठाकुर मां-बेटे थे, जबकि मयानंद झा उनके देवर थे।
अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। सभी मधेपुरा जिले के रामनगर में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। घायल जवाहर झा ने बताया कि वे अपने मामा के क्रिया-कर्म में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे।
100 से अधिक की रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी, जबकि ब्रेजा की गति करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
कई घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
दुर्घटना में स्कॉर्पियो और ब्रेजा में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में जवाहर झा (60), लक्ष्मी ठाकुर (43) और मधुलता देवी (55) समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।