बिहार-नेपाल सीमा पर ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, 31.70 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 गिरफ्तार
अररिया:भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को 31.70 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बाइक, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, स्कैनर, मोबाइल फोन और नकदी समेत कई सामान भी बरामद किए गए।
सीमा क्षेत्र में विशेष छापेमारी
एसएसबी के अनुसार, यह कार्रवाई 56वीं वाहिनी के “आई” समवाय जोगबनी के अंतर्गत सीमा चौकी भेड़ियारी के कार्यक्षेत्र में की गई। भारत-नेपाल सीमा के निकट भागकोहलिया गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
सीमा स्तंभ संख्या 177/4 के समीप, भारत की ओर लगभग सात किलोमीटर अंदर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर एसएसबी जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी में मिला ब्राउन शुगर समेत कई सामान
तलाशी के दौरान तीनों युवकों के कब्जे से 31.70 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा एक बाइक, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक स्कैनर, दो मोबाइल फोन, एक छोटा चाकू, एल्युमिनियम फॉयल, 11 हजार रुपये नकद तथा गोरखा स्ट्रॉन्ग बीयर की दो खाली बोतलें भी बरामद की गईं।
बरामद सामान से यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े हो सकते हैं।
तीनों आरोपी पुलिस के हवाले
गिरफ्तार युवकों की पहचान कुंदन कुमार मंडल (23), छोटू कुमार मंडल (21) और छोटू कुमार दास के रूप में हुई है।
एसएसबी ने जब्त सभी सामान और तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज थाना पुलिस को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।