Kosi Live-कोशी लाइव पटना में 22 करोड़ की ब्राउन शुगर-स्मैक बरामद, ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 10, 2026

पटना में 22 करोड़ की ब्राउन शुगर-स्मैक बरामद, ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा

पटना में 22 करोड़ की ब्राउन शुगर-स्मैक बरामद, ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा

मुख्य सरगना संतोष साव और पत्नी फरार, एक सप्ताह में पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता

पटना पुलिस ने राजधानी में सक्रिय एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा करते हुए एक सप्ताह के भीतर करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। ताजा कार्रवाई में रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के सोरनपुर देवी स्थान के पास छापेमारी कर लगभग 15 किलोग्राम स्मैक, एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया है। इस दौरान छोटू उर्फ चिंटू और मोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई पटना एसएसपी की विशेष टीम डीआईयू (डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) ने की। पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी 3 जून को फुलवारीशरीफ के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पकड़ी गई 7 करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर खेप से जुड़ी हुई है।

सोरनपुर में छापेमारी, 15 किलो स्मैक बरामद

पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरनपुर देवी स्थान के पास स्थित एक मकान से बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर डीआईयू टीम ने देर रात छापेमारी की, जहां से करीब 15 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार छोटू कुमार उसी नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है, जिसकी तलाश पिछले एक सप्ताह से की जा रही थी। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

एक सप्ताह पहले पकड़ी गई थी 7 करोड़ की ब्राउन शुगर

इससे पहले 3 जून को गोपालपुर थाना क्षेत्र के नयाचक बेईमान टोला में संतोष साव के घर पर छापेमारी कर पुलिस ने 5.815 किलोग्राम हेरोइन और 815 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

कार्रवाई के दौरान 18.66 लाख रुपये नकद, हथियार, कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया था। उस मामले में पुलिस ने संतोष साव के साले कृष्ण कुमार राम को गिरफ्तार किया था।

पति-पत्नी और रिश्तेदार मिलकर चला रहे थे नेटवर्क

पूछताछ में कृष्ण कुमार राम ने खुलासा किया कि उसकी बहन रेखा देवी, बहनोई संतोष साव, सीमा कुमारी और छोटू कुमार मिलकर ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

गिरोह कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के मुगलसराय, गाजीपुर और बिहार के बक्सर से ब्राउन शुगर लाकर पटना और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। इसके लिए चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी का इस्तेमाल किया जाता था। कृष्ण कुमार ने बताया कि उसे इस काम के लिए प्रतिदिन 8 हजार रुपये दिए जाते थे।

ड्रग्स के पैसे से खरीदी गई महंगी जमीनें

पूछताछ में यह भी सामने आया कि संतोष साव ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित रकम से अपनी पत्नी रेखा देवी और पिता राजू साव के नाम पर पटना के आसपास कई महंगी जमीनें खरीदी हैं। पुलिस अब इन संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

मुख्य सरगना अब भी फरार

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के कथित मुख्य सरगना संतोष साव, उसकी पत्नी रेखा देवी और सीमा कुमारी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद राजधानी में संचालित सूखे नशे के बड़े नेटवर्क का पूरा खुलासा हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, बीते एक सप्ताह में पटना से करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।