पूर्णिया में 150 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, चार मोबाइल भी जब्त
पूर्णिया। जिले के बायसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपी वैशाली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भदवास गांव निवासी पंकज कुमार (26), मंतोष कुमार (22), लड्डू राय (37) तथा गोलू कुमार (18) के रूप में हुई है।
बायसी थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलाके में हेरोइन की खेप लेकर पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से कुल 150 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। साथ ही चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। जब्त मोबाइल फोन की जांच कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।