Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:बीपीएससी अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाने का आरोप, पुलिस पर मारपीट और पैसे मांगने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 18, 2026

SAHARSA:बीपीएससी अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाने का आरोप, पुलिस पर मारपीट और पैसे मांगने का आरोप

बीपीएससी अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाने का आरोप, पुलिस पर मारपीट और पैसे मांगने का आरोप
सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा): सहरसा जिले के बलवाहाट थाना पुलिस पर कथित तानाशाही रवैये और एक बीपीएससी अभ्यर्थी के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव निवासी 28 वर्षीय प्रवेश कुमार को आधी रात घर से उठाकर थाना ले जाने और वहां कथित तौर पर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है।
पीड़ित के पिता परमानंद साह ने इस मामले को लेकर कोसी रेंज के डीआईजी, सहरसा एसपी समेत अन्य वरीय अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में बलवाहाट थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी शिल्पी कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आधी रात घर में घुसने का आरोप
परिवार के अनुसार, प्रवेश कुमार पटना में रहकर बीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और 14 मई को घर आया था। आरोप है कि 16 मई की रात करीब दो दर्जन पुलिसकर्मी शिल्पी कुमारी के नेतृत्व में उनके घर पहुंचे।
परिजनों का कहना है कि पुलिस ने पहले घर की खिड़की खुलवाई और फिर बिना वारंट या स्पष्ट कारण बताए घर में प्रवेश कर युवक को जबरन वाहन में बैठाकर बलवाहाट थाना ले गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छोड़ने के बदले पैसे मांगने का आरोप
पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि बेटे को छोड़ने के एवज में पुलिसकर्मियों ने 50 हजार रुपये की मांग की। काफी मिन्नतों के बाद परिवार ने 10 हजार रुपये की व्यवस्था कर पुलिस पदाधिकारी को दिए, जिसके बाद युवक को छोड़ा गया।
शरीर पर चोट के निशान, अस्पताल में भर्ती
घर लौटने के बाद प्रवेश कुमार की हालत खराब बताई गई। परिजनों का दावा है कि उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे और वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। परिवार ने उसे अनुमंडल अस्पताल सिमरीबख्तियारपुर में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
परिजनों का आरोप है कि थाना में युवक को थर्ड डिग्री दी गई। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के बयान
मामले पर मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं राजू कुमार ने कहा कि जिस युवक को थाना लाया गया, उसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि युवक के खिलाफ उनके थाना में कोई मामला दर्ज नहीं है।