पूर्णिया में बस से हेरोइन की खेप बरामद, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार; असम से लाते थे ड्रग्स
पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएच-31 स्थित बरसौनी टोल प्लाजा के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 72.50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी से पूर्णिया आने वाली बस में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर वार्ड-3 निवासी 40 वर्षीय ममता देवी और 22 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है।
बस जांच के दौरान घबराए तस्कर
दीपक कुमार गौतम ने बताया कि सहायक अवर निरीक्षक शिवजी महतो पुलिस बल के साथ रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सिलीगुड़ी से आने वाली बस में हेरोइन की खेप लाई जा रही है।
सूचना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी बायसी के आदेश पर डगरूआ के अंचलाधिकारी योगेंद्र दास को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया और बस की तलाशी शुरू की गई।
तलाशी के दौरान बस की एक सीट पर बैठे युवक और महिला पुलिस जांच देखकर घबराने लगे और बस से उतरने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने हैंडबैग में ड्रग्स होने की बात स्वीकार कर ली।
साबुनदानी में छिपाकर रखी थी हेरोइन
पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उसमें छह प्लास्टिक साबुनदानी में गुलाबी और पीले रंग के बुरादे जैसे पदार्थ के छह पैकेट मिले। जांच में यह हेरोइन निकली।
पुलिस ने कुल 72.50 ग्राम ड्रग्स बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों तस्करों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
पूछताछ में तीसरे साथी का खुलासा
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके साथ वैशाली जिले के ही विकास कुमार नामक युवक भी इस धंधे में शामिल है।
तस्करों ने पुलिस को बताया कि वे असम के सिलचर जाकर ड्रग्स खरीदते थे। वहां होटल में रुककर त्रिपुरा के रूपन उरांग नामक व्यक्ति से हेरोइन लेते थे और फिर बिहार लाकर गांव-गांव घूमकर इसकी बिक्री करते थे।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
बिहार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी