Kosi Live-कोशी लाइव नेपाल से शराब पार्टी कर लौट रहे दो वार्ड पार्षद समेत सात गिरफ्तार, BJP मंडल अध्यक्ष भी शामिल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 26, 2026

नेपाल से शराब पार्टी कर लौट रहे दो वार्ड पार्षद समेत सात गिरफ्तार, BJP मंडल अध्यक्ष भी शामिल

नेपाल से शराब पार्टी कर लौट रहे दो वार्ड पार्षद समेत सात गिरफ्तार, BJP मंडल अध्यक्ष भी शामिल
सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना पुलिस ने शराब के नशे में दो वार्ड पार्षदों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें नगर निगम वार्ड संख्या-4 के पार्षद अंशुल प्रकाश और वार्ड संख्या-31 के पार्षद सीमान्त खिरहर शामिल हैं। वार्ड संख्या-3 की पार्षद शबनम कुमारी के पति मनीष पंडित को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। अंशुल प्रकाश भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भी हैं, जिससे जिले की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग नेपाल से शराब पार्टी कर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनबरसा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने चांदनी चौक के पास उन्हें पकड़ लिया।
सोनबरसा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि पुलिस टीम सरकारी वाहन से इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चांदनी चौक पर 6-7 लोग शोर-शराबा करते नजर आए। पुलिस जब उनके पास पहुंची तो सभी के मुंह से शराब जैसी दुर्गंध आ रही थी।
इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर सोनबरसा थाना लाया गया, जहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच में सभी के शराब सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।