Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से नहीं मिली राहत, गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 15, 2026

BIHAR:विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से नहीं मिली राहत, गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार

मोकामा विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से नहीं मिली राहत, गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार

पटना: मोकामा के जेडीयू विधायक और भोजपुरी गायक के खिलाफ दर्ज एफआईआर मामले में शुक्रवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने फिलहाल अनंत सिंह को किसी भी प्रकार की राहत देने से इनकार कर दिया। साथ ही उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग भी खारिज कर दी गई।

20 मई को होगी अगली सुनवाई

जिला जज राजेंद्र पांडेय की अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस से केस डायरी तलब की गई। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 मई को होगी। ऐसे में सभी की नजरें अगली तारीख पर टिकी हैं।

बचाव पक्ष ने बताया राजनीतिक साजिश

कोर्ट में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता राजेश पाठक ने दलील देते हुए कहा कि वायरल वीडियो को देखने से विधायक अनंत सिंह की कोई संलिप्तता साबित नहीं होती है। उन्होंने कहा कि यह मामला राजनीतिक षड्यंत्र के तहत दर्ज कराया गया है और वीडियो के साथ छेड़छाड़ भी की गई है।

बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो में कहीं भी अश्लील मुजरा नहीं दिख रहा है। साथ ही जिस वीडियो को अश्लील गीत के साथ वायरल किया गया, उस दौरान अनंत सिंह वहां मौजूद भी नहीं थे। अधिवक्ता ने कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की।

अभियोजन पक्ष ने क्या कहा?

अभियोजन पक्ष की ओर से जिला लोक अभियोजक देव वंश गिरी उर्फ भानु गिरी ने कोर्ट को बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में कुख्यात रहे गुड्डू राय के घर जनेऊ कार्यक्रम में अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। उनके साथ गायक गुंजन सिंह भी मौजूद थे।

अभियोजन ने कहा कि 2 और 3 मई को सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें प्रतिबंधित हथियार होने की आशंका जताई गई है। मामले की जांच जारी है।

एफएसएल जांच के लिए भेजा गया वीडियो

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो को एफएसएल जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे हथियारों की प्रामाणिकता की पुष्टि की जा सके।

9 लोगों पर दर्ज है मामला

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने विधायक अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह को राहत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि पहले केस डायरी आने दी जाए। बता दें कि मीरगंज थाने में इस मामले में अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।