शेखपुरा में स्कूटी से शराब की होम डिलीवरी करने वाला युवक गिरफ्तार
Sheikhpura News (रंजीत कुमार): गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्पाद थाना शेखपुरा की पुलिस टीम ने शहर के स्टेशन रोड इलाके से स्कूटी के जरिए विदेशी शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान शहर के मकदुमपुर मोहल्ला निवासी स्वर्गीय रामजी प्रसाद के पुत्र आनंद कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से चार बोतल विदेशी शराब और एक स्कूटी बरामद कर जब्त कर लिया है।
750 एमएल की चार बोतल विदेशी शराब बरामद
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि शहर में स्कूटी के जरिए विदेशी शराब की सप्लाई की जा रही है। सूचना के बाद उत्पाद थाना की टीम ने स्टेशन रोड के आसपास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान मरिया आश्रम के निकट संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से विदेशी शराब की चार बोतल बरामद हुई। प्रत्येक बोतल में 750 एमएल शराब भरी हुई थी।
मरिया आश्रम के पास रंगेहाथ पकड़ा गया युवक
छापेमारी अभियान का नेतृत्व उत्पाद थाना में तैनात एएसआई कर रही थीं। उत्पाद थाना अध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार युवक अपने घर से शराब लेकर स्कूटी पर शहर के दूसरे मोहल्ले में डिलीवरी देने जा रहा था। तभी उत्पाद विभाग की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
उत्पाद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार युवक काफी दिनों से शहर के विभिन्न मोहल्लों में विदेशी शराब की आपूर्ति कर रहा था। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।