Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर EOU की रेड, 48 लाख कैश और 60 लाख की ज्वेलरी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 16, 2026

BIHAR:एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर EOU की रेड, 48 लाख कैश और 60 लाख की ज्वेलरी बरामद

जमुई के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर EOU की रेड, 48 लाख कैश और 60 लाख की ज्वेलरी बरामद

पटना/जमुई: बिहार में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) गोपाल कुमार के ठिकानों पर शनिवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की। पटना और जमुई स्थित चार ठिकानों पर हुई छापेमारी में अब तक 48 लाख रुपये नकद, करीब 60 लाख रुपये के आभूषण, जमीन से जुड़े दस्तावेज, निवेश के कागजात और बैंक खातों की जानकारी बरामद हुई है।

EOU ने गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया था। इसी मामले में वारंट मिलने के बाद शनिवार सुबह छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।

पटना फ्लैट से 40 लाख कैश और लाखों के जेवर मिले

पटना की मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर F-2 में EOU की टीम ने छापेमारी की। यहां डिजिटल लॉकर में रखे 40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 60 लाख रुपये के आभूषण, चांदी के बर्तन, जमीन के कागजात और निवेश संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं।

बताया जा रहा है कि यह 3BHK फ्लैट गोपाल कुमार ने वर्ष 2015 में खरीदा था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। सुबह करीब 8:30 बजे 25 सदस्यीय टीम यहां पहुंची थी। नकदी की गिनती के लिए नोट गिनने की मशीन भी मंगाई गई।

कंकड़बाग स्थित तीन मंजिला मकान में भी जांच

EOU की टीम ने पटना के कंकड़बाग इलाके के पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4A स्थित गोपाल कुमार के तीन मंजिला मकान में भी छापेमारी की। लगभग 15 धुर जमीन पर बने इस G+3 मकान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

करीब 15 अधिकारियों की टीम सुबह 8 बजे यहां पहुंची और पूरे भवन की तलाशी ली। फिलहाल यहां से किसी बड़ी बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दस्तावेजों की जांच जारी है।

जमुई के किराए के घर से मिले 8 लाख रुपये

जमुई शहर के केकेएम कॉलेज के पास स्थित किराए के मकान में भी EOU ने छापा मारा। यहां गोपाल कुमार पिछले करीब 18 महीने से रह रहे थे और यहीं से झाझा कार्यालय आते-जाते थे।

करीब 6 घंटे चली तलाशी के दौरान टीम को 8 लाख रुपये नकद मिले। साथ ही एलआईसी निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेज भी बरामद किए गए। चार महीने पहले खरीदी गई करीब 20 लाख रुपये की कार को भी जब्त किया गया है।

झाझा कार्यालय में साढ़े सात घंटे चली कार्रवाई

ग्रामीण कार्य विभाग, झाझा कार्यालय में भी EOU की टीम ने सुबह 8 बजे छापेमारी की। करीब साढ़े सात घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गोपाल कुमार के चैंबर की तलाशी ली और कर्मचारियों से पूछताछ की।

जमुई में कार्रवाई के दौरान मौजूद EOU अधिकारी असलम अली ने बताया कि किराए के मकान से नकदी बरामद हुई है। बाकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।

आय से 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार गोपाल कुमार अक्टूबर 2008 में बिहार सरकार की सेवा में सहायक अभियंता के रूप में शामिल हुए थे। वे मधेपुरा, मोतिहारी, भोजपुर (आरा), बक्सर और सारण समेत कई जिलों में पदस्थापित रहे। वर्ष 2022 में उन्हें कार्यपालक अभियंता के पद पर प्रोन्नति मिली थी।

EOU की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोपाल कुमार ने अपनी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच एजेंसी को करीब 2 करोड़ 61 हजार रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति के साक्ष्य मिले हैं।

इंजीनियर बोले- पैसों का पूरा हिसाब है

छापेमारी के बाद गोपाल कुमार ने भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि जमुई वाले घर से मिले 8 लाख रुपये उनकी मां के इलाज के लिए रखे गए थे। वहीं पटना में बरामद नकदी को लेकर उन्होंने दावा किया कि उनके पास सभी पैसों का पूरा हिसाब मौजूद है।

पड़ोसियों में भी चर्चा का विषय बनी कार्रवाई

स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह अचानक कई गाड़ियों से पहुंची EOU टीम ने पूरे मकान को चारों ओर से घेर लिया था, ताकि कोई भी सामान बाहर न निकाला जा सके। इसके बाद लगातार घंटों तक तलाशी अभियान चलता रहा।

घर में साफ-सफाई करने वाली एक महिला ने बताया कि इंजीनियर काफी कंजूस स्वभाव के थे और मजदूरी का भुगतान भी समय पर नहीं करते थे। महिला ने कहा कि उनके पास इतनी बड़ी रकम मिलेगी, इस पर विश्वास करना मुश्किल है।

EOU अब बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।