पूर्णिया: जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुलाबबाग टीओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक खोखा और एक बाइक बरामद की गई है।
गश्ती के दौरान पुलिस को मिली सफलता
गुलाबबाग टीओपी प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर जिले भर में लगातार गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस टीम को तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की तो तीनों युवक घबराने लगे। शक होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली, जिसमें एक अवैध देशी पिस्तौल और एक खोखा बरामद हुआ। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
कटिहार के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार युवकों की पहचान कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के बसतौल वार्ड नंबर-11 निवासी लक्ष्मण कुमार, आशिष कुमार और आदित्य राज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद बाइक को भी जब्त कर लिया है।
बड़ी वारदात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर आरोपियों के पास हथियार कहां से आया और वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे या नहीं। साथ ही तीनों युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
अवैध हथियार के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।